करियर के लिहाज से कैसा रहेगा नया साल, इन सात राशि वालों को मिलेगी सौगात “2022 भविष्यवाणी”


नया साल, नई उमंग, नए सपने, नए रंग लेकर आ रहा है। आइए जानतेहैं साल 2022 आपके जीवन में कितनी खुशियां लेकर आ रहा है। क्या कह रहे हैं नए साल के सितारे जॉव, बिजनेस और फाइनेंस की दृष्टि से, जो जातक करियर राशिफल की भविष्यवाणियों का पालन करते हैं उन्हें उस अवधि की जानकारी रहती है जब उनका विकास हो सकता है। और कब उन्हें करियर में बड़े झटके लग सकते हैं। करियर राशिफल 2022 करियर की नई शुरुआत कर रहे जातकों के लिए वर्ष 2022 में करियर की क्या संभावनाएं हैं, इसके बारे में भी जानकारी प्रदान करता है। ग्रहों के गोचर के दौरान अनुकूल ग्रहों की स्थिति के अनुसार आपको करियर में आने वाले अच्छे समय के बारे में पता चलेगा। इसके अलावा आपको यह भी जानकारी मिल जाएगी कि वह कौन सी अवधि है जब आप अपनी किसी योजना को निष्पादित करने का या समय का सही इस्तेमाल करते हुए एक योजना बनाने का सही समय कब है जो आपको पदोन्नति और प्रोत्साहन दिला सकती है। करियर राशिफल 2022 से आपको करियर के लिहाज से अनुकूल और प्रतिकूल ग्रहों का भी अंदाजा होगा। इससे आपको अपनी नौकरी, व्यवसाय या पेशेवर सेवाओं से संबंधित बड़े निर्णय लेने में मदद मिलेगी।

प्रत्येक ग्रह का गोचर दुनिया भर के सभी जातकों के जीवन को प्रभावित करता है और जीवन में प्रमुख परिवर्तन लाने में सक्षम है। यही वजह है कि ग्रहों का गोचर वैदिक ज्योतिष में एक प्रमुख घटना मानी जाती है। ऐसे में साल 2022 में 04 प्रमुख गोचर होने वाले हैं जो सभी जातकों के जीवन पर एक बड़ा प्रभाव डालेंगे। ये वह गोचर हैं जो लगभग एक वर्ष या उससे अधिक समय में होते हैं जैसे कि राहु / केतु जो एक राशि से डेढ़ वर्ष के लिए गोचर करते हैं। एक वर्ष में गोचर करने वाला बृहस्पति भी वर्ष की पहली तिमाही में गोचर करेगा। इसके अलावा, सबसे धीमा ग्रह शनि भी अगली राशि में गोचर कर रहा है और वापस अपनी राशि में आ रहा है। ये कुछ ऐसे मौके हैं जिनका असर सभी राशियों के करियर पर पड़ेगा। ऐसे में आइए जानते हैं कि वैदिक ज्योतिष आधारित करियर राशिफल 2022 के अनुसार सभी बारह राशियों के करियर के लिए सितारे साल 2022 में अपने अंदर क्या कुछ नया समेटे हुए हैं।

मेष करियर राशिफल 2022

करियर की दृष्टि से नया साल मेष राशि के लिए अच्छा रहेगा। अप्रैल के बाद से करियर अच्छा रहेगा, मई से लेकर अक्टूबर के बीच में सामाजिक कार्यों में बेहद संभलकर रहना होगा।  इस साल आपकी मानसिक क्षमता का विकास होगा, यह साल आपको काफी कुछ देकर जाएगा। नए अवसरों के लिए स्वयं को तैयार करना होगा, मेहनत के लिए तत्पर रहना होगा। कार्यकुशलता के दमपर आप सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

उपाय- मंगलवार के दिन किसी जरुतमंद व्यक्ति को दवाई बांटें।

ब्राह्मण को शक्कर दान करें और गाय को रोटी खिलाएं।

वृष करियर राशिफल 2022

नए साल में आपकों भाग्य का साथ मिलेगा, जीवन में उन्नति होगी। बिजनेस धीरे-धीरे आगे बढ़ेगा और इनकम में वृद्धि होगी। आप कुछ नया सीखेंगे। इस साल अपनी पर्सनलिटी डेवलपमेंट पर ध्यान देंगे, कार्यक्षेत्र में धैर्य से काम लेना होगा। ओवरकॉन्फिडेंट से बचें, अन्य लोगों को बराबर का दर्जा दें, इससे प्रोफेशनल लाइफ में सफलता प्राप्त होगी। मई के बाद दफ्तर में मान सम्मान प्राप्त होगा और सुख सुविधा बढ़ेगी।

उपाय-  मां लक्ष्मी की पूजा करें। श्री सूक्त का पाठ करें।

श्वेतार्क का पौधा लगाएँ और उस पर रोज जल चढ़ाएं।

मिथुन करियर राशिफल 2022

मिथुन राशि के लोगों के लिए साल 2022 बहुत अच्छा रहेगा, कुछ नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। विद्यार्थी हैं, तो आपकी सफलता की चर्चा चारों दिशाओं में होगी। कड़ी मेहनत और एकाग्रता से अध्ययन करें, बिजनेस में आपको यश मिलेगा। प्रॉफिट भी मिलेगा, यदि आप नौकरी में हैं, तो आप अपने बॉस के विश्वास पात्र बनेंगे, मेहनत से अपनी जगह ऊंची करेंगे। अप्रैल से दिसंबर तक आपको गुरु का साथ मिलेगा, बस साथ काम करने वालों पर भरोसा रखें।

उपाय - भगवान श्री गणेश की उपासना करें।

प्रतिदिन गौ माता को अपने हाथ से हरा चारा खिलाना आपके लिए लाभकारी रहेगा।

कर्क करियर राशिफल 2022

कर्क राशि के लिए नया वर्ष 2022 बहुत अच्छा रहेगा. बिजनेस में काफी आगे बढ़ेंगे और जहां आपने सोचा भी नहीं था। वहां से भी आपको अच्छे मुनाफे के योग बन सकते हैं। आप यदि नौकरी में हैं, तो आपकी तरक्की होगी और आपको इंक्रीमेंट मिलेगा। गुरु आपके भाग्य भाव में गोचर करेंगे। आपके काम को सराहा जाएगा, काम की वैल्यू बढ़ेगी, कुछ नए कामों में हाथ डालने का मौका मिलेगा। नई परियोजनाएं चालू होंगी, हालांकि गुरु का राशि परिवर्तन अप्रैल के बाद नौकरी में अच्छा समय लाएगा। बिजनेस के मामले में विदेश जाने के योग हैं।

 उपाय-  श्री शिव रुद्राभिषेक कराएं।

महामृत्युंजय मंत्र का जाप करें।

सिंह करियर राशिफल 2022

सिंह राशि के लोगों के लिए साल 2022 में कई महत्वपूर्ण कामों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, जिससे आपका खुद पर भरोसा लौटेगा और आपके आत्मबल में बढ़ोतरी होगी। व्यापारी वर्ग के लिए भी यह साल बहुत अच्छा रहने वाला है और आपका करियर हर तरीके से ऊंचाइयां प्राप्त करेगा। बिजनेस पार्टनर से मतभेद हो सकता है, फिर भी आर्थिक तौर पर आप काफी उन्नत करेंगे। यदि आप कोई व्यापार करते हैं, तो उसमें ससुराल पक्ष का योगदान बढ़ सकता है। आपको अवसरों को भुनाने का प्रयास करना है।

उपाय - आदित्य हृदय स्तोत्र का नियमित पाठ करें।

आपको रविवार के दिन गेहूँ, तांबा एवं गुड़ का दान करना चाहिए।

कन्या करियर राशिफल 2022

नए साल 2022 में भाग्य मजबूत रहेगा, जिससे आप इस साल कई कामों को सरलता से करेंगे। मार्च-अप्रैल 2022 में और उसके बाद अगस्त सितंबर में विदेश जाने का मौका मिल सकता है। इस समय का पूरा सदुपयोग करें। अप्रैल से आने वाले कुछ महीने अपनी नौकरी में थोड़ा ध्यान रखें क्योंकि आपकी कोई छोटी सी गलती आप को बड़ा नुकसान पहुंचा सकती है। आपको अपने अधिकारियों की बात मानना चाहिए।  जून-जुलाई में आप मुश्किल से मुश्किल चुनौती का हल आसानी से निकाल पाएंग। कार्यस्थल पर अलग पहचान बनेगी, आपको प्रशंसा मिलेगी।

उपाय - भगवान गणेश जी की उपासना कर मीठा भोग लगाएं।

ॐ नमो भगवते वासुदेवाय" मंत्र का जप करें।

तुला करियर राशिफल 2022

साल 2022 तुला राशि के लोगों के लिए मिले-जुले नतीजे लेकर आएगा। यदि आप बाहर जाकर सेटल होना चाहते हैं, तो उसके लिए यह साल अति उत्तम रहेगा। इस साल स्थान परिवर्तन के प्रबल योग बनेंगे, नौकरी में हैं, तो नौकरी में भी आपका स्थान परिवर्तन हो सकता है। आप जीवन में स्थिति को देख कर निर्णय लेते हैं और यही खूबी आपको इस साल बहुत फायदा दिलाएगी। बिजनेस में आपकी सूझबूझ आप का सबसे बड़ा साथी होगा। सरकारी क्षेत्र के विरुद्ध जाकर किसी से किसी भी तरह का कोई गलत समझौता ना करें, नहीं तो नुकसान उठाना पड़ सकता है, मई से जुलाई के बीच यात्रा फायदेमंद होगा।

उपाय- सफेद गाय को सफेद चन्दन का तिलक लगाकर गुड़ और रोटी खिलाएं।

अपने घर में नियमित रूप से कपूर का एक दीया जलायें।

वृश्चिक करियर राशिफल 2022

2022 की शुरुआत में काफी आत्मविश्वास से भरे रहेंगे। आप हर काम को खुद करना पसंद करेंगे, जिससे आपकी कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता का परिचय लोगों को मिलेगा और लोगों की नजर में आप प्रसिद्ध और लोकप्रिय बनेंगे। आप अपने काम में महारत हासिल करेंगे और आपकी कार्यकुशलता दिन प्रतिदिन बढ़ती चली जाएगी। विद्यार्थियों को किसी अच्छे कॉलेज में एडमिशन मिलेगा, इस साल अपनी योजनाओं को कुछ हद तक आपको गुप्त रखना चाहिए। मई बाद विदेश जा सकते हैं, नौकरी में तबादले और नौकरी बदलने के कई मौके इस साल आपको मिलने वाले हैं। ध्यान रखें कि सही समय पर सही मौका हाथ से ना जाने दें, इसी में आपको तरक्की मिल सकती है।

उपाय- मंगल ग्रह के बीज मंत्र का जाप करें ।(ॐ क्रां क्रीं क्रौं सः भौमाय नमः)

मंगलवार के दिन सुंदरकांड का पाठ करना आपके लिए अत्यंत शुभ और मंगलकारी रहेगा।

धनु करियर राशिफल 2022

नए साल साल 2022 में धनु राशि वाले काफी ट्रैवलिंग कर सकते हैं। पुराने काम बनेंगे. साल की शुरुआत से ही आपके पास आर्थिक तौर पर कुछ अच्छे अवसर आएंगे। जिन्हें हाथ से जाने देना समझदारी नहीं होगी, इसलिए उन पर ध्यान देना जरूरी है। करियर की दृष्टि से यह साल काफी अच्छा होगा, विदेश जाने में सफलता हाथ लग सकती है। जो लोग पढ़ाई के लिए विदेश जाना चाहते हैं, तो कुछ अतिरिक्त मेहनत करना होगी। अप्रैल में राहु और केतु का राशि परिवर्तन आपको नए परिवर्तन की ओर इशारा कर रहा है। विद्यार्थियों को सफलता मिलने में अतिरिक्त मेहनत करना होगी।

उपाय- आपको प्रतिदिन श्रद्धा पूर्वक भगवान विष्णु की उपासना करनी चाहिए।

बृहस्पति बीज मंत्र का जाप करें- ॐ ग्रां ग्रीं ग्रौं स: गुरवे नम:।

मकर करियर राशिफल 2022

नया साल 2022 सामान्य से बेहतर रहेगा। आपको सफलता मिलेगी। अप्रैल से अक्टूबर तक का समय आपके लिए कुछ नया परिवर्तन लेकर आएगा। नौकरीपेशा लोगों के काम में बढ़ोत्तरी होगी, हालांकि इस साल स्थान परिवर्तन के योग बन रहे हैं। जो लोग नई जॉब या बिजनेस प्लान कर रहे हैं, उन्हें कुछ नए अवसर मिल सकते हैं। इस साल भी जितनी मेहनत उतना ही परिणाम मिलेगा। जुलाई से अक्टूबर के बीच ओवरकॉन्फिडेंट से बचें, नहीं तो आप कुछ महत्वपूर्ण अवसरों से हाथ धो बैठेंगे और बाद में पछताने के सिवाय आपके पास कुछ नहीं बचेगा।

उपाय- अंधे, अपंगों, सेवकों और सफाई कर्मियों से अच्छा व्यवहार रखें।

प्रत्येक बृहस्पतिवार के दिन पीपल के वृक्ष को बिना छुए जल अर्पित करें।

कुंभ करियर राशिफल 2022

नए साल 2022 में कुंभ राशि के लोगों के लिए शुरुआती चार महीने थोड़ा मुश्किल समय रहेगा। अप्रैल के बाद से गुरु का राशि परिवर्तन आपके लिए अच्छी खबरें लाएगा, सरकारी कार्यों में भी आपको फायदा हो सकता है। आपको अपने सहकर्मियों से अच्छा बर्ताव करना जरूरी होगा, यदि उन से आपके संबंध बिगड़े तो, इसका असर आपकी नौकरी पर पड़ सकता है। दोस्तों का सहयोग मिलेगा, जिससे सफलता मिलेगी। विद्यार्थियों को गंभीरता से पढ़ाई करनी होगी, इस साल मेहनत ही सफलता का मूल मंत्र होगा। पुरानी योजनाओं में सफलता मिलेगी।

उपाय- अच्छे फलों की प्राप्ति के लिए सात मुखी रुद्राक्ष धारण करें।

शनि के मंत्र का जाप करना कुम्भ राशि वाले जातकों के लिए बहुत शुभ रहेगा।

मीन करियर राशिफल 2022

मीन राशि के लोगों के लिए नया साल 2022 बहुत अच्छे नतीजे लेकर आएगा। आप कुछ नई चीजों में हाथ आजमा सकते हैं। यदि आप व्यापारी हैं, तो व्यापार में कुछ बदलाव कर सकते हैं। नौकरीपेशा लोग अपनी स्किल को बढ़ाने के लिए किसी तरह की ऑनलाइन ट्रेनिंग ले सकते हैं। इस साल आप खुद को ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए बहुत प्रयास करेंगे। आपको यश मिलेगा, कोइ भी बड़ा निर्णय लेने मे जल्दबाजी नहीं करें। आप दूसरों के गुणों को बहुत जल्दी पहचान लेते हैं और उनके गुणों की कद्र करते हैं, आपकी आपकी यह खासियत आपको बहुत अच्छा मुकाम दिलाएगी। महत्वाकांक्षा पूरी होगी।

उपाय- पिले चन्दन को घिस कर स्नान के जल में मिलाएँ और उसी जल से स्नान करें।

प्रतिदिन 108 की संख्या में गायत्री मंत्र का जाप करें।

गुरुवार को केले के पेड़ का पूजन करें।


Comments

Popular posts from this blog

कुंडली में अपने लग्न के अनुसार जानिए कैसे बनता है विदेश यात्रा का योग

सूर्य से संबंधित व्यापार - Sun Related Business

जानिए क्या है आपका लकी नंबर और शुभ रंग ?